Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

महिलाओं को मिला रक्षाबंधन का तोहफा, सीएम साय ने जारी की महतारी वंदन की 6वीं किस्त

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को महतारी वंदन योजना की छठी किस्त जारी की और महतारी वंदन ऐप लॉन्च किया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राज्य की 70 लाख महिलाओं को रक्षाबंधन का तोहफा देते हुए रिमोट का बटन दबाकर महतारी वंदन योजना की छठी किस्त उनके बैंक खातों में स्थानांतरित की।

इस कार्यक्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान का भी शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री ने 3,061 महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार के लिए 100 करोड़ रुपये के ऋण का भी वितरण किया। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद थीं।

महतारी वंदन योजना के तहत राज्य की पात्र विवाहित महिलाओं को आर्थिक स्वावलंबन और उनके स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार के लिए प्रति माह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।

सम्मेलन में मुख्यमंत्री साय ने 3,061 महिला स्व-सहायता समूहों को आर्थिक गतिविधियों के संचालन के लिए वित्तीय समावेशन के तहत 100 करोड़ का बैंक लोन भी वितरित किया। कार्यक्रम में शहीद गुण्डाधूर की प्रतिमा के माल्यार्पण के साथ ही नारी शक्ति से जल शक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

मुख्यमंत्री साय ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ महावृक्षारोपण अभियान का भी शुभारंभ किया। महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों के साथ ही उद्योग विभाग, श्रम विभाग सहित अन्य विभागों के हितग्राहियों को भी सामग्री वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने जगदलपुर में 9 करोड़ 31 लाख से अधिक राशि के विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया।

इनमें 48.03 लाख की लागत से अनुविभागीय दंडाधिकारी कार्यालय जगदलपुर, तोकापाल और लोहांडीगुड़ा तथा 66.49 लाख की लागत से नवीन तहसील कार्यालय जगदलपुर का जीर्णोद्धार, और 2.50-2.50 करोड़ की लागत से निर्मित लोहांडीगुड़ा और बुरगुम थाना शामिल हैं।

इसके अलावा, जिला अस्पताल (महारानी अस्पताल) परिसर में डीएमएफटी मद के तहत 1 करोड़ 72 लाख 76 हजार की लागत से स्थापित मॉडुलर किचन एवं सामग्री युक्त अन्नपूर्णा रसोईघर का लोकार्पण किया गया। साथ ही महारानी लक्ष्मी बाई अस्पताल परिसर में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्र का भी शुभारंभ किया गया।

Exit mobile version