रायपुर। अंबिकापुर के खरसिया चौक की बदहाल सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मामले का संज्ञान लिया है। उन्होंने सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत से फोन पर चर्चा कर सड़क की स्थिति की जानकारी ली और तत्काल जरूरी सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए।
वीडियो में सड़क पर जलभराव और खराब स्थिति दिखाई दे रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को लोगों की आवाजाही में परेशानी दूर करने के लिए सड़क की मरम्मत और आवश्यक व्यवस्थाएं जल्द सुनिश्चित करने को कहा।
सीएम साय ने बारिश के दौरान सड़कों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने संबंधित विभागों और निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय कर क्षतिग्रस्त सड़कों की समस्याओं का जल्द समाधान करने पर जोर दिया।

