रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संबोधन में युवाओं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर विशेष फोकस रहने की संभावना है। भर्ती सुधार, रोजगार, कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को सरकार की प्रमुख उपलब्धियों के रूप में सामने रखा जा सकता है।
सरकार ने 500 करोड़ रुपये के छत्तीसगढ़ राज्य AI मिशन को मंजूरी दी है। इसके तहत 100 AI डेटा लैब, 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, विद्यार्थियों और सरकारी कर्मचारियों को AI प्रशिक्षण देने तथा AI स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने की योजना है।
वहीं तृतीय और चतुर्थ श्रेणी की भर्ती को पारदर्शी बनाने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के गठन की दिशा में कदम उठाए गए हैं। CGPSC भर्ती प्रक्रिया में सुधार और परीक्षा कैलेंडर को भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।
कौशल विकास के तहत अब तक 4.90 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण और करीब 2.71 लाख को रोजगार मिलने की जानकारी है। ITI के आधुनिकीकरण और उद्योग आधारित प्रशिक्षण पर भी जोर दिया जा रहा है।
नई उद्योग नीति के तहत निवेश और निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाने की योजना है। मुख्यमंत्री के संबोधन में शिक्षा, मेडिकल कॉलेजों के विस्तार और युवाओं के लिए रोजगार व उद्यमिता के नए अवसरों का भी उल्लेख किए जाने की संभावना है।

