रायपुर। राजधानी रायपुर के गोल बाजार में आयोजित गणेशोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने गणपति दरबार पहुंचकर भगवान श्रीगणेश के दर्शन किए और विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
गोल बाजार का गणेशोत्सव शहर की पुरानी धार्मिक परंपराओं में शामिल है। यहां पिछले करीब 117 वर्षों से गणेशोत्सव श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणपति के दर्शन करने पहुंचते हैं।
मुख्यमंत्री साय ने इस आयोजन को रायपुर की धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी महत्वपूर्ण परंपरा बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन लोगों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने के साथ सामाजिक सौहार्द को भी मजबूत करते हैं।

