रायपुर। सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को गरियाबंद जिले के दौरे पर पहुंचे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं का लगातार विस्तार कर रही है। उन्होंने बताया कि इसकी शुरुआत पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुई थी, जिसे अब और व्यापक बनाया गया है। वर्तमान में 400 से अधिक सेवाएं इस प्लेटफॉर्म से जोड़ी जा चुकी हैं, जिससे नागरिक अपने मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे प्रमाण-पत्र और राजस्व संबंधी दस्तावेज प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इसी महीने राज्य सरकार मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सेवा शुरू करने जा रही है। इसके तहत नागरिकों को एक टोल-फ्री नंबर उपलब्ध कराया जाएगा, जहां वे अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। उन्होंने कहा कि हेल्पलाइन संचालन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं तथा 100 से अधिक कर्मचारियों को प्रशिक्षण देकर तैयार किया गया है।
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने आर्थिक क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि एक समय भारत की अर्थव्यवस्था वैश्विक स्तर पर लगभग दसवें स्थान के आसपास थी, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों, दूरदर्शिता और सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।
उन्होंने कहा कि आगामी 13 जून को राज्य सरकार के ढाई वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इस अवधि में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए हर अपराध की गंभीरता से जांच की गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की गई है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि किसी भी अपराधी को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

