Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

Bhandarpuri Dham News: CM विष्णुदेव साय ने दी विकास कार्यों की सौगात, 29 करोड़ की सड़कों का भूमिपूजन

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आरंग विकासखंड स्थित भण्डारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बाबा गुरु घासीदास के आदर्शों को सामाजिक एकता और समानता का आधार बताते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने करीब 29 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले तीन सड़क निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का भूमिपूजन भी किया।

तीन प्रमुख सड़क परियोजनाओं को मिली मंजूरी

मुख्यमंत्री द्वारा जिन सड़क कार्यों की आधारशिला रखी गई, उनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण और मजबूतीकरण शामिल है। इस परियोजना पर 8.31 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा नरदहा में दो किलोमीटर लंबी आंतरिक सड़क का निर्माण 3.30 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा।

वहीं, छतौना, दरबा, कूटेसर, बड़गांव, कुंडा, नारा और लखौली को जोड़ने वाले करीब 29 किलोमीटर लंबे मार्ग के डामरीकरण नवीनीकरण पर 17.34 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में आवागमन सुविधाजनक बनाने और गांवों के बीच संपर्क बेहतर करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

स्कूलों और नगर पंचायत भवन के लिए भी घोषणा

मुख्यमंत्री ने चार अन्य विकास कार्यों के लिए भी राशि देने की घोषणा की। ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, आरंग के ओड़का में प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये, मंदिर हसौद स्थित पीएम श्री स्कूल में निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये और चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नए भवन के लिए 85 लाख रुपये दिए जाएंगे।

इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के अंतर्गत 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा की गई।

बाबा गुरु घासीदास के विचारों पर जोर

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास का संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ समाज में भेदभाव समाप्त करने और आपसी सद्भाव बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने शिक्षा, सामाजिक सशक्तीकरण और युवाओं को आगे बढ़ाने के प्रयासों पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम में मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, जनप्रतिनिधि, समाज के संत और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Exit mobile version