मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बिरगांव के होली मिलन समारोह में शामिल, प्रदेशवासियों को दी शुभकामनाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार शाम नगर निगम बिरगांव में आयोजित होली मिलन समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को रंगों के पावन पर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का प्रतीक है। यह पर्व समाज में एकता और समरसता का संदेश देता है और लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का अवसर प्रदान करता है।

इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, योगेश साहू, निशक्तजन आयोग के अध्यक्ष लोकेश कावड़िया, सीआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, छत्तीसगढ़ औषधि पादप बोर्ड के अध्यक्ष विकास मरकाम, उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शंशाक शर्मा, पूर्व विधायक एवं आरडीए अध्यक्ष नंदे साहू, छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप प्रदेश में नक्सलवाद अब खत्म होने की ओर है और बस्तर में शांति व विकास का नया दौर शुरू हो रहा है। राज्य सरकार पूरे प्रदेश में शांति, विकास और खुशहाली के लिए लगातार काम कर रही है।

समारोह में छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक मंडली द्वारा प्रस्तुत फाग गीतों का मुख्यमंत्री ने आनंद लिया। वहीं विधायक अनुज शर्मा की प्रस्तुति पर लोगों ने भी उत्साह के साथ भागीदारी निभाई। इस दौरान मुख्यमंत्री साय ने पिचकारी से रंगों की बौछार कर लोगों के साथ होली का उत्सव मनाया।

You May Also Like

More From Author