रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बेंगलुरु के मुद्देनहल्ली स्थित सत्य साईं ग्राम के स्वर्ण जयंती समारोह में हिस्सा लिया। इस अवसर पर उन्होंने सद्गुरु मधुसूदन साई का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जन्मस्थान छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व की बात है कि उन्होंने मानव सेवा और मूल्य-आधारित शिक्षा को नई दिशा दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के तकनीकी युग में नैतिकता और मानवीय मूल्यों से युक्त शिक्षा की आवश्यकता पहले से अधिक है। उन्होंने सत्य साईं संस्थान द्वारा निःशुल्क शिक्षा, स्वास्थ्य और समाज सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
साय ने विशेष रूप से रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी अस्पताल का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों का निःशुल्क उपचार किया जाता है और अब तक 40 हजार से अधिक जीवनरक्षक हृदय सर्जरी की जा चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी शिक्षा, कौशल विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है तथा सत्य साईं ग्राम जैसे सेवा मॉडल से प्रेरणा लेकर प्रदेश में जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा।

