रायगढ़ में उत्कल दिवस समारोह में शामिल हुए सीएम साय, रथ यात्रा के लिए 5 लाख की घोषणा

रायपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रायगढ़ के बाबा प्रियदर्शी राम ऑडिटोरियम, पंजरी प्लांट में उत्कल सांस्कृतिक सेवा समिति द्वारा आयोजित ‘उत्कल दिवस एवं वार्षिकोत्सव स्नेह सम्मेलन’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान जगन्नाथ की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन और ‘वंदे उत्कल जननी’ के गायन से हुआ।

मुख्यमंत्री ने संबोधन में कहा कि रायगढ़ की जनता से उनका पारिवारिक संबंध है और ओडिशा-छत्तीसगढ़ के बीच ‘रोटी-बेटी’ का मजबूत रिश्ता रहा है। उन्होंने समाज की पत्रिका ‘सुविधा’ का विमोचन किया और जगन्नाथ रथ यात्रा के लिए 5 लाख रुपये देने की घोषणा की।

सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, धान खरीदी, महतारी वंदन योजना और रामलला दर्शन योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून, नक्सलवाद में कमी और बस्तर में विकास कार्यों पर भी प्रकाश डाला।

मुख्यमंत्री ने रोजगार, पारदर्शिता और ई-ऑफिस व्यवस्था को बढ़ावा देने की बात कही तथा बिजली बिल समाधान योजना-2026 का भी उल्लेख किया। कार्यक्रम में उत्कल समाज की 8 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

You May Also Like

More From Author