रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सीबीएसई 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी मेहनत, अनुशासन, समर्पण और लगातार किए गए प्रयासों का परिणाम है। अपने आत्मविश्वास और लगन के बल पर छात्रों ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगी।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शिक्षा केवल अच्छे अंक प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व विकास, नवाचार और राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी भविष्य में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल, कला और अनुसंधान समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।
उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता में अभिभावकों और शिक्षकों की भूमिका को भी अहम बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि माता-पिता का त्याग, शिक्षकों का मार्गदर्शन और उनकी निरंतर प्रेरणा ही बच्चों को आगे बढ़ने की ताकत देती है। कठिन परिस्थितियों में भी बच्चों को बेहतर अवसर देने के लिए उनका समर्पण सराहनीय है।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों से जीवन में लगातार सीखते रहने, सकारात्मक सोच बनाए रखने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि असली सफलता केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं होती, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों के सफल, उज्ज्वल और प्रेरणादायी भविष्य की कामना की।



