रायपुर। छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यों को प्राथमिकता देने की तैयारी की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अभियान के दौरान स्वास्थ्य, रोजगार, पोषण, स्वच्छता और पौधरोपण जैसे विषयों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभियान को केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए इसे जनभागीदारी से जोड़कर प्रभावी बनाया जाए। स्वास्थ्य और पोषण से जुड़े कार्यों के साथ युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
अभियान के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण और जल संरक्षण जैसे कार्यों को भी बढ़ावा देने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की गतिविधियों को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

