रायपुर। छत्तीसगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं और उनमें होने वाली जनहानि को कम करने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने परिवहन विभाग की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक ली। उन्होंने परिवहन, पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण और नगरीय निकायों को आपसी समन्वय से मिशन मोड में काम करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य तेजी से पूरा करने को कहा। बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 23 ब्लैक स्पॉट पर सुधार की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने वाहनों की फिटनेस, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटना के बाद घायलों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया।
बैठक में मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना की समीक्षा भी की गई। वर्तमान में 13 जिलों के 106 मार्गों पर 107 बसें संचालित हैं। मुख्यमंत्री ने परिवहन सुविधा से वंचित क्षेत्रों का सर्वे कर जरूरत के अनुसार नए मार्ग शुरू करने तथा पर्यटन स्थलों तक कनेक्टिविटी बढ़ाने के निर्देश दिए।



