रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और प्रदेश सुशासन की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। प्रगति डिजिटल प्लेटफॉर्म सरकार की पारदर्शी, तकनीक-आधारित और परिणामोन्मुखी कार्यशैली का सशक्त उदाहरण है, जो मिनिमम गवर्नमेंट–मैक्सिमम गवर्नेंस की सोच को साकार करता है।
राजधानी रायपुर के न्यू सर्किट हाउस में प्रगति पोर्टल पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्लेटफॉर्म केवल परियोजनाओं की समीक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि समयबद्ध क्रियान्वयन, जवाबदेही और प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम है। प्रगति के जरिए अब तक देशभर में हजारों बड़ी परियोजनाओं की अड़चनें दूर की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ में भी प्रगति पोर्टल का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। राज्य में 99 राष्ट्रीय अवसंरचना परियोजनाएं संचालित हैं, जिनमें से कई पूरी हो चुकी हैं और शेष प्रगति पर हैं। प्रगति प्लेटफॉर्म के माध्यम से राज्य से जुड़े अधिकांश मुद्दों का समाधान किया गया है, जिससे बिजली, सड़क, रेलवे, कोयला और इस्पात जैसे क्षेत्रों में विकास को गति मिली है।
उन्होंने कहा कि प्रगति प्लेटफॉर्म ने वर्षों से लंबित परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है, जिससे औद्योगिक विकास को बढ़ावा मिला है और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार भी सुशासन और समयबद्ध विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।