रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज सुशासन तिहार के तहत बलरामपुर जिले के प्रवास के दौरान ‘ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान’ (RSETI) का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण ले रही पशु सखियों से आत्मीय बातचीत कर उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण कक्ष का निरीक्षण करते हुए वहां चल रही गतिविधियों की जानकारी ली और प्रशिक्षणार्थियों का ‘जय बिहान’ कहकर अभिवादन किया। पशुपालन का प्रशिक्षण ले रही पशु सखियों से संवाद के दौरान उन्होंने उनके अनुभव सुने और उनके कार्यों की सराहना की।
विकासखंड रामचंद्रपुर के बगरा क्लस्टर अंतर्गत ग्राम केवली की अनुराधा गुप्ता ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे बिहान योजना से जुड़कर पशु सखी के रूप में कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वे गांव में पशुओं का सर्वे कर पशु चिकित्सकों को सहयोग देती हैं और ग्रामीणों को पशुपालन व पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करती हैं। साथ ही, संस्थान से मिल रहे प्रशिक्षण से उनके काम में दक्षता बढ़ी है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल विकास और स्वरोजगार को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि RSETI जैसे संस्थान न केवल प्रशिक्षण केंद्र हैं, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

