रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना 2026 का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने योजना से लाभान्वित उपभोक्ताओं को प्रमाण पत्र भी वितरित किए और अधिक से अधिक लोगों से योजना का लाभ लेने की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत 2,931 हितग्राहियों को 8.79 करोड़ रुपये की सब्सिडी भी जारी की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि समाधान योजना के तहत लंबे समय से बिजली बिल नहीं चुका पाने वाले निम्न और मध्यम आय वर्ग तथा कृषि उपभोक्ताओं को राहत दी जाएगी। योजना से प्रदेश के करीब 28.42 लाख उपभोक्ताओं को 757 करोड़ रुपये की राहत मिलने का अनुमान है।
इस योजना में बकाया बिजली बिल पर अधिभार में 100 प्रतिशत और मूल बकाया में 75 प्रतिशत तक छूट का प्रावधान है। योजना का लाभ लेने के लिए उपभोक्ताओं को पंजीयन कराना होगा और न्यूनतम 10 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। यह योजना 30 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी।

