रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित मंत्रालय (महानदी भवन) से ‘सेवा सेतु’ पोर्टल का लोकार्पण किया। यह छत्तीसगढ़ इन्फोटेक प्रमोशन सोसायटी (CHiPS) द्वारा विकसित ई-डिस्ट्रिक्ट परियोजना का उन्नत संस्करण है, जिसका उद्देश्य नागरिकों को पारदर्शी और आसान डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस पोर्टल पर 441 शासकीय सेवाएं उपलब्ध हैं, जिनमें 54 नई सेवाएं शामिल हैं। अब नागरिक व्हाट्सएप के माध्यम से भी आवेदन, जानकारी और डिजिटल प्रमाण-पत्र प्राप्त कर सकेंगे। आय, जाति, निवास और राशन कार्ड जैसी सेवाओं के जरिए अब तक 3.2 करोड़ से अधिक ट्रांजेक्शन हो चुके हैं।
‘सेवा सेतु’ में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधार ई-केवाईसी, डिजिलॉकर और ‘भाषिणी’ जैसी तकनीकों का उपयोग किया गया है, जिससे सेवाएं सरल, सुरक्षित और बहुभाषी (22 भाषाओं में) हो गई हैं। साथ ही ऑनलाइन भुगतान, डीबीटी ट्रैकिंग, क्यूआर कोड सत्यापन और रीयल-टाइम अपडेट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।
सरकार का कहना है कि यह पोर्टल सुशासन, पारदर्शिता और नागरिक-केंद्रित सेवाओं को और मजबूत करेगा।

