Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

जगदलपुर दौरे पर रवाना हुए सीएम विष्णु देव साय, रोजगार और बस्तर विकास पर फोकस

रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज जगदलपुर दौरे पर रवाना हुए। प्रस्थान से पहले उन्होंने बताया कि वे शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में आयोजित ‘नवाचार महाकुंभ’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से काफी हद तक मुक्त हो चुका है और सरकार का फोकस यहां युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने पर है।

सीएम साय ने प्रदेश में चल रहे ‘सुशासन तिहार’ को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस पहल को जनता का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। पिछले दो दिनों में वे छह जिलों का दौरा कर चुके हैं और इस दौरान ग्रामीण इलाकों में अचानक पहुंचकर पेड़ों के नीचे चौपाल लगाकर लोगों से सीधे संवाद कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि योजनाओं का लाभ जमीनी स्तर तक पहुंचे। लोगों को राशन, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं मिल रही हैं, साथ ही प्रधानमंत्री सम्मान निधि योजना का लाभ भी मिल रहा है, जिससे जनता संतुष्ट नजर आ रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस को ‘अर्बन नक्सल’ कहे जाने वाले बयान पर सीएम साय ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी विश्व के सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जो भी कहते हैं, सोच-समझकर कहते हैं।

वहीं, चुनावी हार के बाद विपक्ष के बयानों पर निशाना साधते हुए सीएम साय ने कहा कि विपक्ष को जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हार के बाद आरोप-प्रत्यारोप करना आम बात है और विपक्ष की स्थिति “खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे” जैसी हो गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि हार से बौखलाए लोग चुनाव आयोग और ईवीएम को दोष दे रहे हैं।

Exit mobile version