रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नई दिल्ली प्रवास के दौरान केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर छत्तीसगढ़ की नई रेल परियोजनाओं और लंबित रेल लाइनों की प्रगति पर चर्चा की। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और सांसद संतोष पांडेय भी मौजूद रहे।
बैठक में कटघोरा-डोंगरगढ़ (295 किमी) नई रेल लाइन परियोजना पर विशेष चर्चा हुई। यह परियोजना रेल मंत्रालय और राज्य सरकार के संयुक्त उपक्रम (SPV) के माध्यम से विकसित की जाएगी। यह रेल लाइन कटघोरा, करतला, मुंगेली, कवर्धा और खैरागढ़ होते हुए डोंगरगढ़ तक पहुंचेगी, जिससे कई क्षेत्रों को पहली बार रेल सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने रावघाट-जगदलपुर रेल लाइन की प्रगति की भी समीक्षा की और बताया कि भूमि अधिग्रहण पूरा हो चुका है तथा निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इसके अलावा सरडेगा-पत्थलगांव-अंबिकापुर, धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा और अंबिकापुर-बरवाडीह रेल परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया, जिस पर रेल मंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया।
सांसद संतोष पांडेय ने वीडियो जारी कर डोंगरगढ़-कटघोरा रेल लाइन को स्वीकृति मिलने पर रेल मंत्री का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नई रेल परियोजनाओं से प्रदेश में औद्योगिक विकास, व्यापार, पर्यटन, खनिज परिवहन और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को नई गति मिलेगी।

