Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सत्यनारायण बाबा धाम में की पूजा, 1.20 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास

रायपुर। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai अपनी धर्मपत्नी Kaushalya Sai के साथ रायगढ़ प्रवास के दौरान देर रात ग्राम कोसमनारा स्थित श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा धाम पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भोलेनाथ एवं श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं भी दीं।

मुख्यमंत्री साय ने जिला खनिज न्यास मद के अंतर्गत 1 करोड़ 20 लाख रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया। प्रस्तावित कार्यों में मुख्य भवन के सामने ग्रेनाइट फर्श सहित शेड निर्माण, श्रद्धालुओं के विश्राम एवं भोजन हेतु शेड, शौचालय परिसर भवन तथा पार्किंग क्षेत्र के लिए सीमेंट कांक्रीट सड़क निर्माण शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोसमनारा स्थित यह धाम श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां की आध्यात्मिक ऊर्जा समाज को सकारात्मक दिशा और आत्मबल प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गुरुजनों के आशीर्वाद और जनता के विश्वास के साथ जनकल्याण के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रही है।

उल्लेखनीय है कि Raigarh जिला मुख्यालय से लगभग 7 किलोमीटर दूर स्थित यह धाम वर्षों से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। बड़ी संख्या में भक्त यहां श्री श्री 108 श्री सत्यनारायण बाबा एवं भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार बाबा वर्ष 1998 से कठोर तपस्या में लीन हैं तथा वर्ष 2003 में उन्हें ‘श्री श्री 108’ की उपाधि प्राप्त हुई। बताया जाता है कि बाबा ने पत्थरों को एकत्र कर शिवलिंग का स्वरूप निर्मित किया और उसी स्थान को अपनी तपोभूमि बनाया। वर्षा, ग्रीष्म और शीत—तीनों ऋतुओं में खुले आकाश के नीचे साधना करना उनकी तपस्या की विशेष पहचान है।

इस अवसर पर महापौर जीवर्धन चौहान, नगर निगम सभापति डिग्रीलाल साहू, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, गणमान्य नागरिक, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Exit mobile version