Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

Mahadev Satta App मामले पर सीएम विष्णुदेव साय का पलटवार, कहा – दोषियों पर होगी कार्रवाई

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बेंगलुरु में आयोजित इन्वेस्टर्स कनेक्ट कार्यक्रम से आज रायपुर लौटे। एयरपोर्ट पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए उन्होंने महादेव सट्टा एप मामले में सीबीआई की छापेमारी और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान पर पलटवार किया।

सीएम साय ने कहा कि भूपेश बघेल के पास अब कहने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए वे कुछ भी बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि महादेव सट्टा एप के जरिए छत्तीसगढ़ के युवाओं को सट्टे की लत लगाई गई थी, और अब सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है। दोषी कोई भी हो, उसे बख्शा नहीं जाएगा, फिर चाहे वह किसी भी दल से जुड़ा हो।

इन्वेस्टर्स कनेक्ट कार्यक्रम से 3700 करोड़ के निवेश प्रस्ताव

बेंगलुरु में आयोजित इन्वेस्टर्स मीट को लेकर सीएम साय ने बताया कि यह आयोजन बेहद सफल रहा। छत्तीसगढ़ की नई उद्योग नीति को लेकर निवेशकों ने काफी रुचि दिखाई है। इस कार्यक्रम के दौरान कुल 3700 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और कुछ कंपनियों के साथ एमओयू भी साइन किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि नई उद्योग नीति लागू होने के बाद अब तक करीब 4 लाख 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिल चुके हैं। ताजा निवेश प्रस्तावों में ग्रीन एनर्जी और फ्रूट प्रोसेसिंग से जुड़े उद्योग शामिल हैं। इससे छत्तीसगढ़ में औद्योगिक विकास को और गति मिलेगी।

Exit mobile version