रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दो दिवसीय सरगुजा दौरे से लौटकर रायपुर पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बीजापुर में नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता की सराहना की और कहा कि नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का संकल्प निश्चित रूप से पूरा होगा।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि वे आज दिल्ली रवाना होंगे, जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे। कांग्रेस द्वारा लगाए गए परिवारवाद के आरोपों पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि परिवारवाद यदि कहीं है तो वह कांग्रेस में है। उन्होंने भाजपा को कार्यकर्ताओं की पार्टी बताते हुए कहा कि यहां नियमित संगठनात्मक चुनावों से पारदर्शिता और लोकतंत्र बना रहता है।
बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में 17–18 जनवरी से चल रहे सर्च ऑपरेशन में डीआरजी, कोबरा और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में अब तक 6 माओवादी मारे गए हैं, जिनमें 4 महिला नक्सली शामिल हैं। मौके से 6 हथियार भी बरामद किए गए हैं। क्षेत्र में सघन सर्चिंग अभियान जारी है।