बीजापुर। छत्तीसगढ़ में चल रहे सुशासन तिहार 2026 के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को बीजापुर जिले के कोंडपल्ली गांव पहुंचे। यहां उन्होंने इमली के पेड़ के नीचे जनचौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और सड़क, बिजली, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को लेकर चर्चा की।
कार्यक्रम में कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहले वे नक्सलियों के भय के बीच जीवन बिताते थे, लेकिन अब गांवों में सड़क, स्कूल, आंगनबाड़ी और पेयजल जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं, जिससे क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने उसी गांव में जनचौपाल लगाई, जहां कभी नक्सलियों की जनअदालतें लगती थीं। नक्सल प्रभाव कम होने के बाद अब इलाके में विकास कार्यों को गति मिली है।
मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नक्सलवाद ने वर्षों तक आदिवासी क्षेत्रों को विकास से दूर रखा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। अब सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है और आगे भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

