रायपुर। सीजीपीएससी भर्ती घोटाले में ईडी की एंट्री के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भाजपा सरकार भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करती है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ था और अब दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीजीपीएससी घोटाले की जांच का वादा किया था और उसी दिशा में कार्रवाई जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
‘मन की बात’ कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ का उल्लेख होने पर सीएम साय ने खुशी जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री लगातार प्रदेश की उपलब्धियों का जिक्र करते हैं। उन्होंने बताया कि इस बार कोरबा के ‘कैच द रेन’ अभियान की सराहना की गई।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने नैतिकता के आधार पर पद छोड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा देश और संगठन को सर्वोपरि मानने वाली सिद्धांतवादी पार्टी है और जनता की सेवा के लिए कार्य करती है।

