रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बेंगलुरु दौरे से लौटने के बाद अपने प्रवास और मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वे सत्य साईं ट्रस्ट के सद्गुरु मधुसूदन साईं के 47वें जन्मोत्सव समारोह में शामिल होने गए थे। ट्रस्ट छत्तीसगढ़ में बच्चों के हृदय रोग के निःशुल्क इलाज के लिए अस्पताल संचालित कर रहा है और भविष्य में राज्य में अन्य अस्पताल खोलने की भी योजना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से लंबित बिजली बिलों और बढ़े हुए सरचार्ज से राहत देने के लिए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना शुरू की है। इसके तहत उपभोक्ताओं को बिजली कार्यालय में पंजीयन कराना होगा।
उन्होंने बताया कि अब तक 42 हजार से अधिक उपभोक्ता इस योजना का लाभ उठा चुके हैं। योजना के तहत 700 करोड़ रुपये से अधिक का बिजली सरचार्ज माफ किया जा रहा है, जिससे लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

