रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जल संचय जनभागीदारी अभियान और जल जीवन मिशन की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को जल संरक्षण के कार्यों को तेजी से पूरा करने और हर जिले में जल सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल की हर बूंद का संरक्षण वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी जरूरी है। उन्होंने बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिलों के मॉडल को अन्य जिलों में लागू करने और जल संरक्षण के कार्यों की लगातार मॉनिटरिंग करने पर जोर दिया।
बैठक में जल जीवन मिशन की प्रगति की भी समीक्षा हुई। मुख्यमंत्री ने योजना के शेष कार्यों को मिशन मोड में पूरा करने और यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि हर परिवार को नियमित रूप से पर्याप्त और स्वच्छ पेयजल मिले। उन्होंने पूरे हो चुके गुणवत्तापूर्ण कार्यों के भुगतान में देरी नहीं करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जल संरक्षण और हर घर तक नल से पानी पहुंचाना हर जिले की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के साथ काम करने पर जोर दिया गया।

