रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने अल्पायु में ही भारत की सनातन संस्कृति और दर्शन को विश्व पटल पर पहचान दिलाई। वे राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में राष्ट्रीय युवा उत्सव के लिए चयनित युवाओं के सेंड ऑफ सेरेमनी कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे, जिसका आयोजन खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 12 जनवरी को स्वामी विवेकानंद के जन्मदिवस पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जाता है और यह उत्सव युवा शक्ति, रचनात्मकता और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ से 75 युवाओं का राष्ट्रीय युवा उत्सव के लिए चयन हुआ है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है। ये युवा नई दिल्ली में राज्य की संस्कृति, लोकनृत्य और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन करेंगे।
उन्होंने सभी चयनित प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वामी विवेकानंद के संदेश “उठो, जागो और लक्ष्य प्राप्ति तक मत रुको” से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि युवा शक्ति ही राष्ट्र की असली ताकत है। कार्यक्रम में चयनित प्रतिभागियों को वेशभूषा किट प्रदान की गई और बड़ी संख्या में अधिकारी व युवा उपस्थित रहे।

