रायपुर। प्रदेश में धान खरीदी को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस मुद्दाविहीन हो चुकी है, इसलिए इस तरह के आंदोलन कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्वभाव ही विरोध करना है।
नारायणपुर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने मीडिया से चर्चा में कहा कि आज धान खरीदी की अंतिम तिथि है और प्रदेश में धान खरीदी सुचारु रूप से चल रही है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले ही इस संबंध में समीक्षा कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि किसानों का धान समय पर खरीदा जाए और टोकन मिलने में किसी तरह की देरी न हो। अधिकारी लगातार इस दिशा में काम कर रहे हैं।
जमीन की गाइडलाइन को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें संशोधन किए गए हैं और जनता से सुझाव भी मांगे गए थे। फिलहाल इस पर कार्यवाही जारी है।
वहीं निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान कार्ड से इलाज नहीं करने के फैसले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी बकाया राशि है, उसे जल्द जारी किया जाएगा।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय नारायणपुर के दो दिवसीय प्रवास पर जा रहे हैं। उनके साथ राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा भी रहेंगे। इस दौरान नारायणपुर में 361 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।