रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के ग्राम नारायणपुर पहुंचे, जहां कुम्हार समाज द्वारा आयोजित श्री विष्णु महायज्ञ एवं चक्र पूजा कार्यक्रम में शामिल होकर उन्होंने पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने ग्राम गोरिया में माटी कला बोर्ड की ओर से कुम्हारों के लिए ग्लेज़िंग यूनिट स्थापित करने तथा कुम्हार समाज के मंगल भवन के विस्तार के लिए 25 लाख रुपये की घोषणा की। साथ ही सरगुजा संभाग के 100 कुम्हारों को इलेक्ट्रॉनिक चाक भी वितरित किए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कुम्हार समाज द्वारा आयोजित यह महायज्ञ हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं का प्रतीक है। चक्र पूजा केवल मिट्टी के चाक का सम्मान नहीं, बल्कि सृजन, परिश्रम, हुनर और मानव जीवन की निरंतरता का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि कुम्हार समाज छत्तीसगढ़ी संस्कृति की आत्मा है और उनकी रचनात्मकता हमारे तीज-त्योहारों और धार्मिक आयोजनों को जीवंत बनाती है। सरकार इस विरासत के संरक्षण और आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि माटी कला बोर्ड के माध्यम से इलेक्ट्रॉनिक चाक वितरित किए जा रहे हैं, जिससे कारीगरों की मेहनत कम होगी, उत्पादन बढ़ेगा और उत्पादों की फिनिशिंग में सुधार आएगा। इससे बाजार में बेहतर मूल्य मिलने के साथ स्थिर आय सुनिश्चित होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कारीगरों को नई डिज़ाइन, आधुनिक तकनीक और उद्यमिता संबंधी प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। साथ ही नए उपकरणों की खरीद और कारोबार विस्तार के लिए वित्तीय सहायता भी प्रदान की जा रही है। उन्होंने बताया कि मेलों, प्रदर्शनियों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से कारीगरों की कला को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में पहल जारी है।
कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी, विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत, पद्मश्री जागेश्वर यादव, माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शंभूराम चक्रवर्ती सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।