Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

विष्णुदेव साय का आत्मीय अंदाज़: बैकुंठपुर में कुम्हार के चाक पर खुद बनाया मिट्टी का दीया

रायपुर। विष्णुदेव साय का आत्मीय और सहज अंदाज़ उस समय देखने को मिला, जब उन्होंने बैकुंठपुर प्रवास के दौरान कुम्हार के चाक पर स्वयं मिट्टी का दीया बनाकर पारंपरिक शिल्प के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

सरगुजा विकास प्राधिकरण की बैठक में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री ने जिला पंचायत परिसर में लगी स्व-सहायता समूहों एवं स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। यहां सोनहत निवासी शिल्पकार देवी दयाल प्रजापति के स्टॉल पर उन्होंने इलेक्ट्रिक चाक पर हाथ आजमाया और गीली मिट्टी से सुंदर दीया गढ़ा, जिसे देखकर मौजूद लोग तालियों से उत्साह बढ़ाते नजर आए।

मुख्यमंत्री साय ने शिल्पकार से संवाद कर उनके कार्य, आय और परिवार की जानकारी ली तथा शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक कारीगरों और ग्रामीण आजीविका को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।

इस मौके पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

Exit mobile version