रायपुर। छत्तीसगढ़ के उत्तर और मध्य संभागों में ठंड और कोहरे का असर जारी है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 3 से 4 दिनों में तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। सरगुजा, बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर संभागों में शीतलहर चलने की भी संभावना है।
गुरुवार सुबह रायपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, सरगुजा, मैनपाट और GPM समेत कई इलाकों में कोहरा छाया रहा। सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 6.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल कोई सक्रिय मौसमी सिस्टम नहीं है, जिससे मौसम शुष्क रहेगा। रायपुर में आज अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 12 डिग्री रहने की संभावना है।
शीतलहर को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने शहर के 12 स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है, ताकि जरूरतमंदों को ठंड से राहत मिल सके।