Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

छत्तीसगढ़ में शीतलहर का कहर, अंबिकापुर में 3.5 डिग्री तक गिरा तापमान

Chhattisgarh Weather

Chhattisgarh Weather

रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में शीतलहर को लेकर चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार सरगुजा, दुर्ग और रायपुर संभाग के एक-दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बनी हुई है, जिससे लोगों को तेज ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग ने बताया कि अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि इसके बाद तापमान में फिर गिरावट दर्ज होने की संभावना है।

बीते 24 घंटों में प्रदेश के न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट देखी गई। अंबिकापुर प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पेंड्रारोड में 6.0 डिग्री, राजनांदगांव में 8.5 डिग्री, दुर्ग में 8.2 डिग्री, बिलासपुर में 10.8 डिग्री और राजधानी रायपुर में 10.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं जगदलपुर में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता बताई गई है।

बुधवार को सरगुजा और दुर्ग संभाग के कुछ इलाकों में शीतलहर का असर बना रहा। सर्द हवाओं के कारण ठंड अधिक महसूस की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज किया गया।

मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार गुरुवार को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है और किसी भी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले दो दिनों तक भी मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

स्थानीय पूर्वानुमान – रायपुर

रायपुर शहर में 1 जनवरी को सुबह धुंध छाए रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

Exit mobile version