Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

लोरमी को पर्यटन हब बनाने की तैयारी, कलेक्टर के सख्त निर्देश से तेज होंगे विकास कार्य

मुंगेली। जिले के लोरमी को पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ी पहल शुरू की है। कलेक्टर कुंदन कुमार ने लोरमी के समग्र विकास के लिए महत्वाकांक्षी योजना तैयार करते हुए पर्यटन संभावनाओं को बढ़ावा देने और लंबित विवादों को जल्द सुलझाने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में आर्किटेक्ट्स और अर्बन प्लानर्स के साथ चर्चा के बाद लोरमी में आधुनिक रिसॉर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स और ग्रीन कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाना और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है।

कलेक्टर ने नगर पालिका क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों की जमीनी हकीकत भी जांची। नगर उद्यान निर्माण में बाधा बन रहे वन विभाग और नगर पालिका के भूमि विवाद को जल्द सुलझाने के निर्देश देते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जर्जर भवनों को हटाकर उद्यान निर्माण कार्य तत्काल शुरू करने को कहा गया है।

इसके साथ ही शहर की यातायात और पार्किंग व्यवस्था सुधारने पर भी जोर दिया गया है। कलेक्टर ने सीएमओ को व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

Exit mobile version