Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिल के खिलाफ कांग्रेस का जन अभियान, पहले दिन बांटे 2,000 आवेदन

रायपुर। स्मार्ट मीटर लगने के बाद बढ़े बिजली बिलों को लेकर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने जन अभियान शुरू किया। शहर अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में लाखेनगर स्थित बिजली कार्यालय से अभियान की शुरुआत की गई, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर आवेदन पत्र वितरित किए और उपभोक्ताओं से बिजली बिलों की जांच व स्मार्ट मीटर बदलने की मांग वाले आवेदन भरवाए।

कांग्रेस का दावा है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं के बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं। अभियान के दौरान लोगों ने बढ़े हुए बिल, बिजली कटौती और लो-वोल्टेज जैसी समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई।

कांग्रेस नेताओं ने राज्य सरकार पर बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी और स्मार्ट मीटर के जरिए उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने बताया कि अभियान के पहले ही दिन 2,000 से अधिक आवेदन पत्र वितरित किए गए। वहीं कुलदीप जुनेजा ने कहा कि यह अभियान रायपुर के सभी 70 वार्डों में चलाया जाएगा।

Exit mobile version