जगदलपुर। मनरेगा योजना के नाम परिवर्तन और प्रावधानों में बदलाव को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश भर में “मनरेगा बचाओ संग्राम” जनसंपर्क अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के नेतृत्व में चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र में टांडपाल से सिरीसगुड़ा तक करीब 8 किलोमीटर लंबी पदयात्रा निकाली गई।
पदयात्रा के दौरान कांग्रेस नेताओं ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर मनरेगा में घटते कार्यदिवस, कम मजदूरी और रोजगार की अनियमितता जैसे मुद्दों पर चर्चा की। दीपक बैज ने आरोप लगाया कि यूपीए सरकार के समय 100 दिन का कानूनी रोजगार सुनिश्चित था, जबकि वर्तमान में मजदूरों को औसतन केवल 38 दिन का ही काम मिल रहा है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि यह अभियान राजनीतिक विरोध से अधिक ग्रामीणों के रोजगार और अधिकारों से जुड़ा है। पार्टी का कहना है कि यह जनसंपर्क अभियान आने वाले समय में प्रदेश की सभी पंचायतों तक पहुंचाया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके।

