गरियाबंद। कभी कांग्रेस का मजबूत गढ़ माने जाने वाले देवभोग ब्लॉक मुख्यालय में आज राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिला। यहां कांग्रेस के 31 सक्रिय और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। यह सामूहिक प्रवेश नगर पंचायत चुनाव में भाजपा की प्रत्याशी रही अनिता विकास उपाध्याय, पार्षद प्रतिमा सोनी और देवकी यदु के नेतृत्व में हुआ।
देवभोग से भाजपा जिला कार्यालय पहुंचे इन कांग्रेस कार्यकर्ताओं का स्वागत भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल अग्रवाल, राजिम विधायक रोहित साहू, वरिष्ठ नेता गोवर्धन मांझी, कुंज बिहारी बेहेरा और देवभोग मंडल अध्यक्ष समेत अन्य नेताओं ने किया।
भाजपा में शामिल होने वालों में प्रमुख नाम:
- श्याम लाल सोनी (4 बार ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष)
- सूरज शर्मा (जिला मंत्री, गरियाबंद)
- बिलभद्र यादव (सेवादल अध्यक्ष, देवभोग)
- परमानंद यदु, राजेंद्र सोनी, ओमप्रकाश ठाकुर, ललित यदु
- और कुल मिलाकर 31 नेता और कार्यकर्ता शामिल हैं जिनमें कई महिलाएं और युवतियां भी शामिल हैं।
कांग्रेस छोड़ने की वजह क्या है?
इस सवाल पर श्याम लाल सोनी और सूरज शर्मा ने कहा कि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की अहमियत सिर्फ चुनाव के समय होती है। चुनाव जीतने के बाद नेताओं द्वारा कार्यकर्ताओं की उपेक्षा की जाती है। इसके विपरीत भाजपा कार्यकर्ताओं को संगठन की रीढ़ मानती है। यही वजह है कि उन्होंने भाजपा और उसकी नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस छोड़ने का निर्णय लिया।