रायपुर/दिल्ली। महंगाई, पेपर लीक, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और आर्थिक मुद्दों को लेकर कांग्रेस देशभर में व्यापक आंदोलन की तैयारी कर रही है। दिल्ली स्थित एआईसीसी मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई बैठक में इन मुद्दों पर चर्चा करते हुए आंदोलन की रणनीति तय की गई।
बैठक में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, भूपेश बघेल सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि पार्टी ब्लॉक स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक चरणबद्ध और आक्रामक प्रदर्शन करेगी।
बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार महंगाई, पेपर लीक और किसानों की समस्याओं पर गंभीर नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और केंद्र सरकार को बेनकाब करने का काम करेगी।

