Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

टोल प्लाजा पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, ‘गब्बर सिंह टैक्स’ कह BJP सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। कुम्हारी टोल प्लाजा पर अवैध वसूली के खिलाफ रविवार को कांग्रेस ने एक अनोखा प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता और आम नागरिक सड़कों पर उतरे। इस विरोध को ‘भारतीय जनता पार्टी का गब्बर सिंह टैक्स’ बताते हुए बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला गया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘बेशर्म का फूल’ भेंट किया, जबकि आम जनता को गुलाब का फूल देकर समर्थन जताया गया। यह प्रदर्शन तेज धूप में दो घंटे तक चला, जिससे इलाके में चक्का जाम जैसी स्थिति बन गई।

विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि कुम्हारी टोल की अवधि समाप्त हो चुकी है, फिर भी जबरन वसूली जारी है। उन्होंने कहा कि रायपुर और दुर्ग-भिलाई के स्थानीय वाहनों को छूट देने का वादा किया गया था, लेकिन फास्टट्रैक सिस्टम से अब भी पैसे कट रहे हैं। उपाध्याय ने आरोप लगाया कि बीजेपी बार-बार टेंडर निकालकर टोल प्लाजा की अवधि बढ़ा रही है और जनता की जेबें काटी जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि उन्होंने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर चर्चा का समय मांगा था, लेकिन अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। उपाध्याय ने चेतावनी दी कि जब तक यह टोल प्लाजा नहीं हटाया जाता, तब तक कांग्रेस चरणबद्ध आंदोलन जारी रखेगी और आवश्यकता पड़ी तो दिल्ली में भी प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने कहा कि साल 2021 में गडकरी ने लोकसभा में कहा था कि भविष्य में टोल नाके बंद कर जीपीएस आधारित टैक्स प्रणाली लागू की जाएगी और 60 किलोमीटर की सीमा में एक ही टोल होगा। लेकिन छत्तीसगढ़ में यह नियम भी ताक पर रखा गया है, क्योंकि कुम्हारी और मंदिरहसौद के टोल प्लाज़ा आपसी दूरी में इस मानक का उल्लंघन कर रहे हैं।

अंत में उपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार सड़कें तो बना रही है, लेकिन जनता की जेब पर सीधा बोझ डाल रही है। जब वाहन खरीदते समय ही रोड टैक्स दिया जा चुका है तो फिर दोबारा टोल वसूली का औचित्य नहीं बनता। उन्होंने सरकार से अपील की कि महंगाई के इस दौर में जनता को राहत देने के बजाय लूटने की नीति बंद की जाए।

Exit mobile version