ईडी कार्रवाई के खिलाफ कांग्रेस का विरोध, छत्तीसगढ़ में हाईवे से लेकर शहरों की सड़कें जाम

रायपुर। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ईडी द्वारा गिरफ्तारी के विरोध में सोमवार को छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी आर्थिक नाकेबंदी कर जबरदस्त शक्ति प्रदर्शन किया। दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक चले इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य भर में नेशनल हाईवे और प्रमुख मार्गों पर चक्काजाम कर मालवाहक गाड़ियों की आवाजाही रोक दी। रायपुर, बिलासपुर, महासमुंद, बालोद, कवर्धा समेत कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

राजधानी रायपुर में हुआ व्यापक प्रदर्शन

राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने अलग-अलग इलाकों में प्रदर्शन की कमान अपने वरिष्ठ नेताओं को सौंपी थी।

  • मैग्नेटो मॉल के पास NH-130 पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे के नेतृत्व में मालवाहकों को रोका गया।
  • विधानसभा रोड सकरी में नारायण कुर्रे और पप्पू बंजारे,
  • दिलबाग ढाबा, साकरा में सांसद छाया वर्मा और अनीता योगेंद्र शर्मा ने मोर्चा संभाला।
  • अभनपुर के मोहन ढाबा के पास यशवंत साहू,
  • आरंग रसनी में पूर्व विधायक शिवकुमार डहरिया,
  • तिल्दा के दीनदयाल चौक में शैलेश नितिन त्रिवेदी,
  • खरोरा के बुडेरा चौक में सौरभ मिश्रा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ट्रैफिक रोककर प्रदर्शन किया।

बिलासपुर में NH-130 पर चक्काजाम

बिलासपुर के पेंड्रीडीह में रायपुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-130) पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रास्ता जाम कर दिया।
नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, विधायक अटल श्रीवास्तव, दिलीप लहरिया समेत बड़ी संख्या में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

महासमुंद जिले के चार प्रमुख स्थानों पर जाम

महासमुंद जिले में कांग्रेस ने चार प्रमुख हाईवे लोकेशनों पर चक्काजाम किया—

  • घोड़ारी (NH-53): पूर्व विधायक विनोद चंद्राकर के नेतृत्व में।
  • तुमगांव (NH-53): जिला अध्यक्ष रश्मि चंद्राकर
  • सरायपाली (NH-53): विधायक चातुरी नंद
  • टेमरी (NH-353): विधायक द्वारिकाधीश यादव

बालोद में कुसुमकसा तिराहा पर सड़क जाम

राजनांदगांव-बालोद-दल्ली राजहरा मार्ग पर कुसुमकसा तिराहा चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।
विधायिका अनीला भेड़िया और संगीता सिन्हा ने इस चक्काजाम का नेतृत्व किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने की कोशिश हो रही है।

कवर्धा में रायपुर-जबलपुर हाईवे ठप

कवर्धा में रायपुर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-30) पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीच सड़क तंबू गाड़ कर चक्काजाम किया।
ईडी-सीबीआई हटाओ, अडानी भगाओ – राज्य बचाओ” जैसे नारे लगे। प्रशासन ने किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की थी। हालांकि ट्रैफिक ठप होने से यात्रियों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

You May Also Like

More From Author