रायपुर। राजधानी रायपुर में तकनीकी दिक्कतों के कारण लोगों को राशन मिलने में परेशानी हो रही है। इसी मुद्दे को लेकर रायपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित खाद्य विभाग कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और खाद्य संचालक जितेंद्र शुक्ला को ज्ञापन सौंपा।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शहर और आसपास के इलाकों में कई जरूरतमंद परिवारों को पिछले एक से तीन-चार महीनों से राशन नहीं मिल पा रहा है, जिससे गरीब वर्ग संकट में है।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने प्रशासन को 10 दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगी। वहीं कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने बताया कि फिंगरप्रिंट मिलान न होने के कारण कुष्ठ बस्तियों सहित कई क्षेत्रों के लोग राशन से वंचित हैं।
खाद्य संचालक जितेंद्र शुक्ला ने कहा कि समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और जिन हितग्राहियों के फिंगरप्रिंट मैच नहीं हो रहे हैं, उनके लिए नॉमिनी की व्यवस्था कर जल्द समाधान किया जाएगा।

