रायपुर। आदिवासी समाज को “वनवासी” कहे जाने के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को रायपुर में प्रदर्शन किया। जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष दीपेश कृपाल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस आदिवासी समाज की मूल पहचान और संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं। उनका कहना था कि “आदिवासी” देश के मूल निवासियों की पहचान है, जबकि “वनवासी” शब्द के इस्तेमाल से उनकी ऐतिहासिक पहचान को बदलने की कोशिश की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने आदिवासी अधिकारों के समर्थन में नारे लगाए और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में कांग्रेस और आदिवासी संगठन के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

