जांजगीर-चांपा। मनरेगा योजना का नाम बदलने के केंद्र सरकार के फैसले के खिलाफ कांग्रेस ने विरोध तेज कर दिया है। AICC के निर्देश पर प्रदेशभर में एकदिवसीय उपवास और प्रदर्शन किया गया। जांजगीर में अंबेडकर प्रतिमा के पास हुए धरने की अगुवाई नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने की।
चरणदास महंत ने भाजपा पर महात्मा गांधी की विरासत को मिटाने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस ने गांधी जी के नाम से योजनाएं और संस्थान जोड़े, जबकि भाजपा उन्हें समाप्त करने की साजिश कर रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब 100 दिन का रोजगार नहीं दिया जा सका, तो 125 दिन का रोजगार कैसे मिलेगा और 40 प्रतिशत राज्यांश की व्यवस्था कैसे होगी।
उन्होंने कहा कि मनरेगा का नाम बदलने के खिलाफ कांग्रेस जिला से गांव स्तर तक आंदोलन करेगी। वहीं जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू की गिरफ्तारी को उन्होंने राजनीतिक षड्यंत्र बताया और कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर भरोसा है।