नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस का प्रदर्शन: धमतरी में भाजपा कार्यालय का घेराव, पुलिस से झड़प

धमतरी। नेशनल हेराल्ड मामले को लेकर गुरुवार को धमतरी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस ने बैरिकेड लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोकने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प की स्थिति बन गई।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन कार्यालय से लगभग 50 मीटर पहले ही पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने भाजपा के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। घेराव के दौरान विधायक अंबिका मरकाम और पूर्व विधायक लेखराम साहू का पैर पोस्टर में उलझ गया, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और उन्हें हल्की चोटें आईं।

जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि यह सत्य की जीत है। उन्होंने बताया कि नेशनल हेराल्ड मामले में दर्ज एफआईआर को अदालत ने खारिज कर दिया है और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज मामलों को भी अदालत से क्लीन चिट मिल चुकी है। इसी फैसले के विरोध में नहीं, बल्कि समर्थन में भाजपा कार्यालय का घेराव किया गया।

विधायक ओंकार साहू ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को वर्ष 2012 से लगातार परेशान किया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी द्वारा करीब 12 वर्षों तक प्रताड़ित किया गया, लेकिन जब मामला अदालत में पहुंचा तो उसे खारिज कर दिया गया। उन्होंने इसे सत्य और न्याय की जीत बताया।

You May Also Like

More From Author