Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

सड़क-पुल से किसानों तक समस्याओं को लेकर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, विधायक हर्षिता बघेल ने सौंपा ज्ञापन

खैरागढ़। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। डोंगरगढ़ विधायक हर्षिता स्वामी बघेल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता, किसान और ग्रामीण रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।

कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शनकारियों ने धरना देकर नारेबाजी की। इस दौरान खराब सड़क और पुल-पुलिया, स्कूल-कॉलेज, आंगनबाड़ी सहित कई स्थानीय मुद्दे प्रशासन के सामने रखे गए। प्रदर्शन के चलते खैरागढ़-कवर्धा मुख्य मार्ग पर कुछ समय तक यातायात भी प्रभावित रहा।

विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं लंबे समय से बनी हुई हैं। उन्होंने खराब सड़कों और पुल-पुलिया के अलावा मूड़ीपार कॉलेज के संचालन तथा ठेकाडीह में स्कूल-कॉलेज के लिए नए भवन की मांग का मुद्दा भी उठाया।

प्रदर्शन के दौरान किसानों से जुड़े मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस ने खाद और बिजली की लागत, किसानों के मुआवजे और बीमा राशि से जुड़े मामलों तथा सिंचाई के लिए बिजली आपूर्ति की समस्या को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया।

प्रदर्शन के बाद विधायक और कांग्रेस प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। डिप्टी कलेक्टर पूजा पिंचा ने ज्ञापन स्वीकार किया और संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Exit mobile version