रायपुर। भगवान हनुमान जी के अपमान का आरोप लगाते हुए कांग्रेस ने इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फेडरिक मर्ज के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कोतवाली थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस का आरोप है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जर्मन चांसलर फेडरिक मर्ज के साथ मिलकर भगवान हनुमान के प्रतीक का उपयोग पतंग के रूप में किया, जिसे उड़ाया गया और बार-बार गिराया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह कृत्य बजरंगबली और उनके करोड़ों भक्तों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने ज्ञापन में उल्लेख किया कि भगवान हनुमान के प्रतीक वाली पतंग को उड़ाना, गिराना और काटना धार्मिक आस्था के साथ खिलवाड़ है। कांग्रेस नेताओं ने यह भी कहा कि जर्मन चांसलर फेडरिक मर्ज मांसाहारी भोजन का सेवन करते हैं, जबकि भगवान हनुमान के भक्त मांस और मदिरा से दूर रहते हैं। ऐसे व्यक्ति के साथ मिलकर हनुमान जी के प्रतीक का इस प्रकार उपयोग करना अनुचित है और इससे हनुमान भक्तों तथा हिंदू समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है।
कांग्रेस ने मांग की है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जर्मन चांसलर फेडरिक मर्ज के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में कार्रवाई की जाए। साथ ही यह भी कहा गया है कि जब तक दोनों सार्वजनिक रूप से हनुमान भक्तों और हिंदू समाज से माफी नहीं मांगते, तब तक उनके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।

