रायपुर। प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस ने एक बार फिर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने राजधानी रायपुर को “क्राइम कैपिटल” और छत्तीसगढ़ को “अपराधगढ़” बताते हुए कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि अपराधियों में पुलिस और कानून का भय समाप्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार सुशासन तिहार मना रही है, वहीं दूसरी ओर रायपुर, दुर्ग और कबीरधाम समेत कई जिलों में हत्या और चाकूबाजी जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल बन गया है।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार को संरक्षण मिलने से हिंसक अपराध बढ़ रहे हैं। पार्टी का दावा है कि अवैध शराब, अफीम की खेती और अन्य मादक पदार्थों का कारोबार तेजी से फैल रहा है, जिसका असर युवाओं पर पड़ रहा है।
सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि अपराधी सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो और रील बनाकर खुलेआम धमकियां दे रहे हैं, लेकिन पुलिस उन पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने हाल ही में रायपुर के तेलीबांधा-श्याम नगर क्षेत्र में हुई गैंगवार की घटना का जिक्र करते हुए सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

