रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने राज्य सरकार पर अघोषित बिजली कटौती और बढ़े हुए बिजली बिलों को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के बीच प्रदेशभर में आम जनता बिजली संकट से परेशान है। शहरों से लेकर ग्रामीण इलाकों तक लगातार बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है।
सुशील आनंद शुक्ला ने आरोप लगाया कि प्रदेश में शायद ही कोई ऐसा दिन होता हो, जब लोगों को दो-चार घंटे बिजली बंद होने की परेशानी का सामना न करना पड़े। ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति और भी खराब है, जहां लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रहती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में लोगों को मांग के अनुसार बिजली नहीं मिल पा रही है। साथ ही उपभोक्ताओं को मनमाने बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिससे आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं।
कांग्रेस नेता ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार का उल्लेख करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी बिजली बिल हाफ योजना का संचालन लगातार किया गया था, जिससे प्रदेश के करीब 44 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को राहत मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इस योजना को बंद कर जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।

