मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली में कांग्रेस ने अपने राजनीतिक अभियान को लोगों तक पहुंचाने के लिए अनूठा तरीका अपनाया। यहां आयोजित जिला स्तरीय प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों और कार्यकर्ताओं को बांटे गए नाश्ते के डिब्बों पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान का संदेश और कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें छापी गई थीं।

रेस्ट हाउस में आयोजित इस कार्यक्रम में एआईसीसी पर्यवेक्षक शरद अहेर, भिलाई विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर, पीसीसी पर्यवेक्षक हितेंद्र ठाकुर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा सहित कई नेता मौजूद रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में शरद अहेर ने मतदाता सूची में पारदर्शिता और निर्वाचन प्रक्रिया की जवाबदेही को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और हटाने की प्रक्रिया स्पष्ट होनी चाहिए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने मतदाता सूची से जुड़े डिजिटल आंकड़े सार्वजनिक करने और राजनीतिक दलों को सत्यापन योग्य रिकॉर्ड उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने प्रभावित मतदाताओं को आपत्ति और अपील का पर्याप्त अवसर देने की बात भी कही।
विधायक देवेंद्र यादव ने लोगों से अभियान में भागीदारी करने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों की जांच और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।