Site icon India & World Today | Latest | Breaking News –

मैनपुर में बिजली संकट को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, दिया 15 दिन में समाधान का अल्टीमेटम

गरियाबंद। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर स्थानीय जनता में गहरा आक्रोश है। विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के खिलाफ आज सोमवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी मैनपुर ने दुर्गामंच में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इसके पश्चात दोपहर 3 बजे तेज धूप के बीच विधायक जनक ध्रुव के नेतृत्व में एक जंगी रैली निकाली गई और बिजली कार्यालय का घेराव किया गया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जिडार रोड स्थित बिजली कार्यालय को चारों ओर से घेर लिया। बिजली कार्यालय की सुरक्षा में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता बिजली कार्यालय के गेट पर चढ़ गए, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ प्रतीकात्मक पुतला दहन किया, जिसे पुलिस ने बुझाया। इस दौरान फिर से झूमाझटकी की नौबत आ गई।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर बिजली समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मैनपुर नगर में चक्काजाम और उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी।

भाजपा सरकार पर विधायक ध्रुव का आरोप

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने कहा कि छत्तीसगढ़ को सरप्लस बिजली वाला राज्य कहा जाता है, लेकिन गरियाबंद जिले के मैनपुर, अमलीपदर, गोहरापदर और देवभोग क्षेत्र की जनता बिजली संकट से जूझ रही है। विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश की बिजली व्यवस्था चरमरा गई है और आदिवासी क्षेत्रों की जनता को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।

विधायक ध्रुव ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों में सुधार नहीं हुआ तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा और मैनपुर बंद कराने पर बाध्य होंगे।

प्रमुख नेता रहे उपस्थित

आज के आंदोलन में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण ध्रुव, महामंत्री गेदु यादव, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सोहन नागेश, वरिष्ठ आदिवासी नेता टीकम कपिल, तनवीर राजपूत, सामंत शर्मा, भुवनेश्वर नेगी, पारेश्वर नेगी, पूर्व सरपंच संघ जिला अध्यक्ष बलदेव ठाकुर, खेलन साहू, नेहाल नेताम, रोहन मरकाम, दयाराम यादव, थानूराम पटेल, लिकेश यादव, राजेंद्र तिवारी, कृष्णा मरकाम, नंदू पटेल, दिलेश्वर ध्रुवा, धनसू दीवान, देवन दीवान, यश कुमार, टीकेन्द्र नेताम, लोकेश साड़े, नजीब बेग, हरिश्वर पटेल, शांतुराम यादव, तीव कुमार सोनी, आलीम अंसारी, रामसिंह नागेश, भानु सिन्हा, जगबंधु सिन्हा, सुकदेव यादव, नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

शांतिपूर्ण रहा आंदोलन, लेकिन सवाल बना रहा

आंदोलन के दौरान मैनपुर थाना प्रभारी शिवशंकर हुर्रा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। पूरा कार्यक्रम शांति पूर्ण संपन्न हुआ। अब देखना यह है कि बिजली विभाग समस्या के समाधान के लिए कदम उठाता है या फिर क्षेत्र को बड़े आंदोलन का इंतजार करना पड़ेगा।


Exit mobile version