मुंगेली। नगर पंचायत जरहागांव के सीएमओ शुभम बक्तानी की कार्यशैली को लेकर विवाद गहरा गया है। अटल व्यावसायिक परिसर में हुई कार्रवाई के विरोध में व्यापारियों के बाद अब नगर पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों ने भी उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया है।
जनप्रतिनिधियों और व्यापारियों ने संयुक्त रूप से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सीएमओ को तत्काल हटाने, निष्पक्ष जांच कराने और जांच पूरी होने तक उन्हें पद से अलग रखने की मांग की है। उनका आरोप है कि 5 जून को हुई कार्रवाई के दौरान व्यापारियों पर दबाव बनाया गया और जनप्रतिनिधियों को इसकी पूर्व सूचना भी नहीं दी गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए अपर कलेक्टर जी.एल. यादव ने कहा है कि शिकायतों की जांच के लिए एसडीएम की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

