अभनपुर।नगर पालिका परिषद गोबरा नवापारा में सफाई के नाम पर रेत वाहनों से वसूली का मामला फिर सामने आया है। रेत परिवहन करने वाली गाड़ियों से रसीद काटकर 200 रुपये वसूले जा रहे हैं, जबकि नगर पालिका अधिनियम या शासन के किसी आदेश में ऐसी वसूली का स्पष्ट प्रावधान नहीं बताया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी लवकेश पैकरा ने इसे पीआईसी बैठक का निर्णय बताया है, लेकिन बिना शासन की अनुमति नई फीस लगाने को नियमों का उल्लंघन माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि पूर्व सीएमओ के कार्यकाल में भी ऐसी वसूली शुरू हुई थी, जिसे मीडिया में मामला उठने के बाद बंद कर दिया गया था।
स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि यदि वसूली बंद नहीं की गई तो वे कलेक्टर और नगरीय प्रशासन विभाग से शिकायत करेंगे।
वहीं सीएमओ का कहना है कि सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन बंद है और रात में सड़क पर गिरने वाली रेत की सफाई के लिए स्वच्छता शुल्क लिया जा रहा है। दूसरी ओर, अभनपुर एसडीएम रवि सिंह ने नियमों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की बात कही है।